Noida: नोएडा में थाना बिसरख पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में अवैध रूप से निवास करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुटरचित आधार कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) की सहायता से पुलिस ने मिलन दीवान पुत्र भोजलू को भगत मार्केट, बिसरख से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से बरामद आधार कार्ड में उसका नाम मिलन दीवान पुत्र दीवान हिदायत, निवासी ग्राम छपरा, नदिया जिला, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल अंकित था।
पूछताछ में कबूली सच्चाई
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका असली नाम मिलन दीवान पुत्र फजल है और वह मसीहगंज, थाना दौलतपुर, जिला कुसरिया, बांग्लादेश का निवासी है। उसने बताया कि वह बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत में घुसा और अपने ससुर के पते पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर आधार कार्ड बनवाया। इसके जरिए वह भारत में नौकरी के उद्देश्य से निवास कर रहा था।
ये भी पढें..
Greater Noida: खेत में तार की बाड़ लगाने को लेकर खूनी संघर्ष, 10 लोग घायल
विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, विदेशी नागरिकों की अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

