Noida: नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। इस गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामूरा क्षेत्र में किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी में रोहित और ध्रुव नामक दो व्यक्तियों को गोली लगी, जो उनके पैरों में जाकर लगी। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
ये भी पढें..
Ghaziabad: गाजियाबाद में होटल संचालन के लिए नगर निगम से अनुमति अनिवार्य
इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट पर
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।