Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली में बुधवार रात करीब 11:30 बजे से शुरू हुई हल्की बारिश सुबह 5:30 बजे तक जारी रही। इस दौरान राजधानी में 3.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 17 से 19 जनवरी के बीच येलो अलर्ट जारी किया है और हल्की बारिश के साथ कोहरा और धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है।
गुरुवार को तापमान सामान्य से अधिक
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने राजधानी में ठंड बढ़ा दी है।
घने कोहरे और धुंध की संभावना
मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुबह के समय घने कोहरे और धुंध की संभावना जताई है। मौसम में बदलाव के चलते ठंड में इजाफा हो सकता है। अगले कुछ दिनों में हल्के बदलाव के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
21 जनवरी को हल्की बारिश की उम्मीद
शनिवार को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन रविवार से बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है। सोमवार से बुधवार तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। 21 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की उम्मीद है।

