Noida News: बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नोएडा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
सबसे पहले ब्रजेश पाठक ने सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में बोनमेरो ट्रांसप्लांट (बीएमटी) यूनिट का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अस्पतालों के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। जिला अस्पताल के दौरे के दौरान डिप्टी सीएम ने डीएनबी छात्र-छात्राओं के लिए एकेडमिक जोन और नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर से सांसद डॉ. महेश शर्मा भी मौजूद रहे।
बोनमेरो ट्रांसप्लांट यूनिट में अत्याधुनिक सुविधाएं
चाइल्ड पीजीआई में चार करोड़ रुपये की लागत से आठ बेड वाली बोनमेरो ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित की गई है। इस यूनिट में तीन विशेषज्ञ डॉक्टर, 30 नर्स और अन्य स्टाफ की नियुक्ति की गई है। यूनिट का चौथे तल पर निर्माण किया गया है और इसे बच्चों में कैंसर के इलाज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, जिला अस्पताल में 12 बेड की नवजात आईसीयू (एसएनसीयू) भी शुरू की गई है। इसे 10 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। वहीं, डीएनबी कोर्स के लिए इस वर्ष तीन सीटों पर दाखिले होंगे, जिसके लिए एकेडमिक जोन का निर्माण किया गया है।
मिल्कीपुर सीट पर जताया भरोसा
उपमुख्यमंत्री ने मिल्कीपुर विधानसभा सीट को लेकर आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि यह सीट निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी की झोली में जाएगी। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ के महत्व को भी रेखांकित किया और इसे करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बताया।
स्वास्थ्य सेवा में बड़ा कदम
ब्रजेश पाठक ने कहा कि नई सुविधाओं के चलते गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को इलाज के लिए दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

