Delhi News: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने खुद और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का लाइव नार्को-एनालिसिस या पॉलीग्राफ लाइ डिटेक्टर टेस्ट कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह झूठ बोल रही हैं तो उन्हें फांसी पर लटका देना चाहिए। उन्होंने यह बयान अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को लेकर दिया है।
बता दें कि पिछले साल स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया था कि विभव कुमार ने अरविंद केजरीवाल के सीएम आवास पर उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद विभव कुमार को गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। इस मामले को लेकर स्वाति मालीवाल ने एक न्यूज एजेंसी को दिया गया एक पुराना इंटरव्यू शेयर किया है।
फांसी पर लटका दो
वीडियो के साथ उन्होंने कहा, “मेरा और अरविंद केजरीवाल का लाइव नार्को-एनालिसिस या पॉलीग्राफ लाइ डिटेक्टर टेस्ट कराया जाना चाहिए। अगर मैं झूठ बोल रही हूं तो मुझे फांसी पर लटका दो। उन्हें लगा कि वे पैसे और पावर का इस्तेमाल करके मुझे चुप करा सकते हैं और खत्म कर सकते हैं।”
यह भी पढ़ें: Greater Noida: रीलखा गांव में चोरों का आतंक, लाखों के जेवरात और नकदी पर किया हाथ साफ
शेयर किए गए वीडियो में स्वाति मालीवाल ने अपने आलोचकों पर ट्रोलिंग, चरित्र हनन और पीड़िता को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सब उन पर मामला खत्म करने के लिए दबाव बनाने के लिए किया गया। उन्होंने कहा, “लेकिन मैं इनमें से किसी से भी नहीं डरती, और मैंने जो कुछ भी कहा वह बिल्कुल सच था।”

