Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर सोमवार सुबह कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे ठंड बढ़ गई। रविवार को भी दिनभर ठंड बरकरार रही, खासकर धूप न निकलने की वजह से और सर्द हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण मंगलवार तक तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान जताया है। कोहरे के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। सोमवार से बुधवार तक घना कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है।
रविवार को राजधानी में कई जगहों पर एक्यूआई 300 से ऊपर
रविवार को हल्की बारिश की वजह से दिल्ली में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही, सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार को दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) “खराब” श्रेणी में रहा, कई इलाकों में AQI का स्तर 300 से ऊपर दर्ज किया गया। इन इलाकों में आनंद विहार, अशोक विहार, बवाना, करणी सिंह शूटिंग रेंज और नरेला शामिल हैं।
शुक्रवार को फिर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, मंगलवार से गुरुवार तक आसमान साफ हो सकता है, जिससे ठंड में थोड़ी कमी आएगी। शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना है, जबकि शनिवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। रविवार को बादल फिर से छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है। इस दौरान हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।

