Jaitpur Kalan : जैतपुर कलां थाना क्षेत्र के जूनियर स्कूल में संचालित आधार अपडेट सेंटर पर खुलेआम लूट की शिकायत सामने आई है। सरकार द्वारा निर्धारित 50 रुपये की जगह 150 से 200 रुपये तक की रकम वसूली जा रही है। संचालक बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को डरा धमकाकर यह अवैध शुल्क वसूल रहा है।
मनमानी के खिलाफ शिकायत
स्थानीय लोगों के अनुसार, केंद्र संचालक हरिराज सिंह की मनमानी के खिलाफ कई बार शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सॉफ्टवेयर पर सरकारी दर 50 रुपये दर्शाए जाने के बावजूद संचालक मनमाने तरीके से लोगों से अधिक पैसे वसूल रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि संचालक विरोध करने वालों को धमकाता है। उसके इस व्यवहार से लोगों में भारी रोष है। जब पत्रकारों ने संचालक से इस मामले पर बात करने और वायरल वीडियो के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पत्रकारों को भी डराने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: ISRO New Chairman: कौन है ISRO के नए चेयरमैन डॉ. वी. नारायणन? 14 जनवरी को लेंगे एस. सोमनाथ की जगह
अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। आधार अपडेट जैसी सरकारी सेवाओं में इस तरह की लूट प्रशासनिक उदासीनता और भ्रष्टाचार को उजागर करती है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आधार केंद्र पर सरकार द्वारा निर्धारित दरों का सख्ती से पालन कराया जाए।

