Noida News: जिला प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण की ओर से अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई में डूब क्षेत्र की बेशकीमती जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। जमीन की कुल कीमत करीब 480 करोड़ रुपये आंकी गई है। जमीन पर प्लाटिंग के लिए अवैध बाउंड्रीवाल बनाई जा रही थी। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
भूमाफिया बेच रहे थे छोटे-छोटे प्लॉट
प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि करीब 250 बीघा की यह जमीन हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में स्थित है। इस क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अवैध प्लाटिंग चल रही थी। भूमाफिया सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर उसे छोटे-छोटे प्लॉट में बांटकर बेच रहे थे। प्राधिकरण की ओर से बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमणकारियों ने जमीन खाली नहीं की। प्राधिकरण कर्मचारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
यह भी पढ़ें: HMPV Cases: कोविड के बाद एक और नए वायरस ने बढ़ाई चिंता, चार राज्यों में 8 मामले आए सामने
प्राधिकरण द्वारा जारी की गई एडवाइजरी
नोएडा प्राधिकरण ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों को सावधान किया है कि वे प्राधिकरण से पुष्टि किए बिना किसी भी कॉलोनाइजर से जमीन न खरीदें। इसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि किसी भी संपत्ति को खरीदने से पहले दस्तावेजों की पूरी तरह से जांच कर लेनी चाहिए।

