Delhi Election 2025: दिल्ली चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। 5 फरवरी को एक ही चरण में मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। पहले यह घोषणा की गई थी कि चुनाव आयोग दोपहर 2 बजे तारीखों का ऐलान करेगा और अब आधिकारिक तौर पर राजनीतिक जंग शुरू हो गई है। मिल्कीपुर को लेकर भी चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि वहां भी 5 फरवरी को ही मतदान होगा।
दिल्ली चुनाव की तारीखों का ऐलान
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 83.49 लाख पुरुष मतदाता, 71.74 लाख महिला मतदाता और 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 2.08 लाख नए मतदाता हैं। दिल्ली में 12 सीटें आरक्षित हैं, जबकि 58 सीटें सामान्य हैं। उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली में 13,000 से ज़्यादा पोलिंग बूथ हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजीव कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली में देश के सभी राज्यों के लोग रहते हैं और उम्मीद जताई कि इस बार दिल्लीवासी बड़ी संख्या में मतदान करने आएंगे।
इस साल होने वाले दिल्ली चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने व्यापक तैयारियां की हैं। आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में वापसी के लिए प्रयासरत है, जबकि भाजपा अपना राजनीतिक वनवास खत्म करने की कोशिश कर रही है और कांग्रेस पिछले दो चुनावों में शून्य पर आउट होने के बाद वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad News: नौवीं मंजिल से कूदकर कारोबारी ने की आत्महत्या, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली की हाई-प्रोफाइल सीटें
आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि कांग्रेस ने तीन सूची जारी की है और भाजपा ने 29 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। सबसे दिलचस्प मुकाबला कालकाजी और नई दिल्ली जैसी सीटों पर होने की उम्मीद है। कई अन्य सीटों पर बदलते समीकरणों के कारण मुकाबला कड़ा हो गया है। इस बार दिल्ली चुनाव में मुद्दे भी काफी अलग नजर आ रहे हैं।

