Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में हत्या के एक मामले को लेकर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोप है कि आरोपियों ने रास्ते में रोककर धमकाया और भाई की हत्या के मुकदमे में समझौता करने का दबाव डाला। घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
पीड़ित नितिन नागर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में रहते हैं। 17 अगस्त 2024 को उनके भाई विनय की हत्या कर दी गई थी। इस घटना को लेकर उन्होंने थाना कासना में केस दर्ज कराया था।
21 दिसंबर 2024 को शाम करीब 7 बजे नितिन अपने चाचा कर्नल के साथ गांव के प्राइमरी स्कूल के पास खड़ा था। उसी समय लाल रंग की ब्रेजा कार वहां आकर रूकी। कार से अमरीश पुत्र भागी नामक व्यक्ति उतरा, जबकि एक अन्य व्यक्ति गाड़ी में ही बैठा रहा, जिसे नितिन पहचान नहीं पाया।
अमरीश ने नितिन को गाली देते हुए धमकाया और कहा, “जो मुकदमा तूने लिखवाया है, उसमें फैसला कर लो, नहीं तो तुम्हारा भी वही हाल करेंगे, जो तुम्हारे भाई का हुआ है।” इसके बाद अमरीश कार में बैठकर फरार हो गया।
गर्दन काटने का इशारा
पीड़ित नितिन का आरोप है कि गाड़ी में बैठे दूसरे व्यक्ति ने गर्दन काटने का इशारा किया। घटना के बाद से नितिन और उसका परिवार डर और सहम के साए में जी रहा है। नितिन ने तुरंत इस घटना की शिकायत पुलिस से की।
ये भी पढें..
RRTS Yojana: दिल्ली-एनसीआर में नमो भारत ट्रेन का विस्तार, गाजियाबाद-नोएडा यात्रा में 30 मिनट की राहत
पुलिस की कार्रवाई
थाना इकोटेक-1 पुलिस ने नितिन नागर की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हत्या का पुराना मामला
गौरतलब है कि 17 अगस्त 2024 को कासना क्षेत्र के लुक्सर गांव में विनय सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी सुंदर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों – नितिन (25), शेखर (23) और आकाश उर्फ अलीजान (25) – को भी गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, एक रिवॉल्वर, आठ कारतूस और हत्या में इस्तेमाल की गई कार बरामद की थी। यह विवाद गांव में आरओ प्लांट को लेकर हुआ था, जिसमें विनय सिंह को पांच गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

