Noida News: जलापूर्ति में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम. ने यमुना नदी के किनारे दो नए रेनी वेल लगाने को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना से न केवल शहर की जलापूर्ति बढ़ेगी बल्कि पानी की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इस पूरी परियोजना पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विस्तृत परियोजना तैयार
नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि ये रेनी वेल सेक्टर 132 और 135 के बीच यमुना नदी के किनारे लगाए जाएंगे। यह क्षेत्र नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास स्थित है, जहां यमुना नदी बहती है। दोनों रेनी वेल के लिए विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है। इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि पानी में कुल घुलित ठोस पदार्थ (टीडीएस) कम हो जाएगा, जिससे पानी की गुणवत्ता में सुधार होगा।
यह भी पढ़ें: Noida News: नोएडावासियों ने 2024 में जमकर छलकाए जाम, सिर्फ 9 महीने में गटक गए 2100 करोड़ रुपये की शराब
सर्वेक्षण के बाद शुरू होगा काम: अधिकारी
अधिकारियों ने बताया कि अगले चरण में विशेषज्ञों की एक टीम साइट सर्वे करेगी, जिसके बाद रेनी वेल का सही स्थान निर्धारित किया जाएगा। इस परियोजना पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। यह परियोजना न केवल बढ़ती आबादी की पानी की जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि शहर के निवासियों को बेहतर गुणवत्ता वाला पानी भी उपलब्ध कराएगी।