Ghaziabad: गाजियाबाद के पटेल नगर में एक सेंट्रो कार सवार युवक ने बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर रास्ता जाम किया और जमकर हंगामा मचाया। खुद को कबड्डी पहलवान राजू बताने वाले इस युवक ने गंदी-गंदी गालियां दीं और एक युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पीड़ित को कार से कुचलने की कोशिश भी की। जाते-जाते उसने धमकी दी, “राजू पहलवान नाम है मेरा, आ जा तुझे अपने जैसा बना दूंगा।”
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटना का वीडियो, जिसमें आरोपी महिलाओं की मौजूदगी में गालियां बकता नजर आ रहा है, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना सिहानीगेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।
आरोपी आदित्य गिरफ्तार, राजू की तलाश जारी
डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी आदित्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह 2011 मॉडल की सेंट्रो कार में सवार था, जो गीता नाम की महिला के नाम पर रजिस्टर्ड है। आरोपी के एक अन्य साथी, जो खुद को राजू पहलवान बताता है, की तलाश जारी है।
ये भी पढें..
Ghaziabad: पति ने तलाक के लिए किया पत्नी पर चाकू से हमला, बीच-बचाव करने बेटी के हाथ पर दांत से काटा
विवाद के बाद हुआ समझौता, पुलिस ने लिया संज्ञान
पुलिस की जानकारी के अनुसार, राजू भूपखेड़ी पटेल नगर में आदित्य से मिलने आया था। गाड़ी खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बाद में दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया। हालांकि, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए आदित्य के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।
स्थानीय लोग परेशान
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग ऐसे हंगामे से नाराज हैं और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

