Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में शीतलहर का कहर जारी है। गुरुवार को राजधानी के कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति रही। सफदरजंग स्टेशन पर अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने पर कोल्ड डे की श्रेणी में रखा जाता है। दिल्ली के पालम, नजफगढ़ और पूसा जैसे कई इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति रही।
6 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना
गुरुवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 318 (बहुत खराब) दर्ज किया गया, जो राजधानी में गंभीर प्रदूषण स्तर को दर्शाता है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हिमालय में ताजा बर्फबारी की संभावना है, और 6 जनवरी को दिल्ली और आस-पास के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण 8 जनवरी से तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग को आने वाले दिनों में तापमान में मामूली वृद्धि की उम्मीद है।
आज से सक्रिय हो सकता है नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे हवाओं की गति धीमी हो जाएगी और क्षेत्र में नमी बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कुछ बारिश की भी संभावना है। हालांकि, 8 जनवरी से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से दिल्ली में तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।

