Ghaziabad News: नए साल की पूर्व संध्या पर गाजियाबाद पुलिस की सख्ती साफ देखने को मिली। जश्न के दौरान पुलिस ने देर रात तक कड़ी निगरानी रखी। सबसे पहले अवैध होटलों को सील किया और मंगलवार को पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। रात में पुलिस ने शहर के अवैध होटलों और क्लबों में गश्त की। इन होटलों में जश्न मना रहे लोगों को बाहर जाने को कहा गया।
चेहरा छिपाकर बाहर निकले लोग
पुलिस टीम में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। पुलिस के पहुंचते ही कई लोग चेहरा छिपाकर बाहर निकलने लगे, जबकि कई लोग जल्दबाजी में घर लौट गए। इससे जश्न का माहौल पूरी तरह से फीका पड़ गया और लोग रात 10 से 11 बजे के बीच ही घर लौट गए।
192 अवैध होटल सील
गौरतलब है कि पुलिस ने 30 दिसंबर को अवैध होटलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा के निर्देश पर शहरी और ग्रामीण इलाकों में व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने बिना लाइसेंस के चल रहे 192 अवैध होटलों को सील किया। इन होटलों की रिपोर्ट संबंधित विभागों और अधिकारियों को भेज दी गई है। इस कार्रवाई से पूरे जिले में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें: Noida: फेमस यूट्यूबर ने नोएडा पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, कार टक्कर और बदसलूकी का आरोप
तीनों जोन में बड़ी कार्रवाई
डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि जिले भर के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध होटलों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान में बीट कांस्टेबल से लेकर थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी शामिल रहे। सिटी जोन में पुलिस ने 122 होटल और लॉज का निरीक्षण किया, जिनमें से 56 अवैध पाए गए। इसी तरह ट्रांस हिंडन जोन में पुलिस ने 160 होटलों का निरीक्षण किया, जिनमें से 82 अवैध थे। इनमें से ज्यादातर ओयो होटल थे, जिन्हें बाद में सील कर दिया गया। ग्रामीण जोन में पुलिस ने 108 होटलों का निरीक्षण किया, जिनमें से 54 अवैध थे और उन्हें भी सील कर दिया गया। इस तरह तीनों जोन में पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई।

