Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्त बनी युवती ने एक युवक को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि युवती ने युवक की गर्दन पर वार किया और हाथ की नसें काट दीं। बताया जा रहा है कि युवती ने पहले युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और फिर वारदात को अंजाम दिया। घायल युवक का ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला
रोनीजा गांव निवासी हंसराज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बेटे धीरज जो बीकॉम का छात्र है, की दोस्ती कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए पास के ही गांव की प्रिया नाम की लड़की से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती ने मंगलवार को धोखे से उसके बेटे को गांव से कुछ दूरी पर बुलाया। इसके बाद युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर फलों के जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके बेटे को पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
यह भी पढ़ें: Noida: विद्युत निगम की ओटीएस योजना का पहला चरण सफल, दूसरे चरण की हुई शुरुआत
बाद में युवती ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन और हाथ की नसें कट गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित के परिजनों ने उसे ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
धोखे से किया हमला
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि युवती उनके बेटे से रंजिश रखती थी और धोखे से मिलने के लिए बुलाकर उस पर हमला कर दिया। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रिया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रिया और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। धीरज के साले ने आरोप लगाया कि युवती लोगों को प्रेम संबंधों में फंसाती है, उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाती है और फिर उनसे मोटी रकम ऐंठती है।

