Noida News: नोएडा से एक बड़ी अपडेट आ रही है। नए साल के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 52 आईपीएस अफसरों को प्रमोशन का तोहफा दिया है। इनमें नोएडा कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और दो अन्य अफसरों को एडीजी बनाया गया है। गौरतलब है कि हाल ही में विभागीय प्रोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक में 2000, 2007, 2011, 2012 और 2021 बैच के आईपीएस अफसरों की प्रोन्नति को मंजूरी दी गई थी। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने की और इसमें डीजीपी प्रशांत कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह) दीपक कुमार और प्रमुख सचिव (नियुक्ति) एम. देवराज शामिल हुए।
लक्ष्मी सिंह और दो अन्य एडीजी के पद पर पदोन्नत
बैठक के दौरान 2000 बैच के तीन आईपीएस अफसरों को अपर महानिदेशक (एडीजी) के पद पर पदोन्नत किया गया। इनमें नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, लखनऊ रेंज के आईजी प्रशांत कुमार द्वितीय और यूपी एटीएस चीफ नीलाब्जा चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा तीन अधिकारियों को प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई, जिनमें नितिन तिवारी, दीपिका तिवारी और प्रतिभा अंबेडकर शामिल हैं।
2007 बैच के 12 आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति
2007 बैच के 12 आईपीएस अधिकारियों को भी पदोन्नति मिली है। इनमें से कई अधिकारियों को पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं, जैसे देवी पाटन रेंज के डीआईजी अमित पाठक, कानपुर रेंज के डीआईजी जोगेंद्र कुमार और मिर्जापुर रेंज के डीआईजी राकेश प्रताप सिंह। इन पदोन्नति से इन अधिकारियों के लिए और अधिक जिम्मेदारियां आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: OP Rajbhar: ओम प्रकाश राजभर ने एनडीए को दी बड़ी चेतावनी, कहा- ‘सीट नहीं मिली तो अकेले लड़ेंगे चुनाव’
22 अधिकारी डीआईजी रैंक पर पदोन्नत
कई एसएसपी समेत 2011 बैच के आईपीएस अधिकारियों को भी पदोन्नत किया गया। इनमें मथुरा एसएसपी शैलेश पांडे, मुजफ्फरनगर एसएसपी अभिषेक सिंह और झांसी एसएसपी सुधा सिंह समेत 22 अधिकारियों को डीआईजी रैंक पर पदोन्नत किया गया। इस बीच, 2012 बैच के 15 आईपीएस अधिकारियों को चयन ग्रेड प्रदान किया गया, जिनमें विजय ढुल, सचिंद्र पटेल, आशीष तिवारी, अभिषेक यादव और सलमान ताज पाटिल शामिल हैं, जो वर्तमान में यूपी 112 में कार्यरत हैं।