OP Rajbhar: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि अगर गठबंधन में उनकी पार्टी को सीटें नहीं दी गईं, तो वह अकेले चुनाव लड़ेंगे।
ओम प्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया कि यदि एनडीए में उनकी पार्टी को सम्मानजनक सीटें मिलती हैं, तो वे गठबंधन का हिस्सा रहेंगे, अन्यथा सुभासपा अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी।
एनडीए में सीट न मिलने पर अकेले लड़ने का ऐलान
एक साक्षात्कार के दौरान यह पूछे जाने पर कि यदि सीटें नहीं मिलीं तो क्या किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन करेंगे, राजभर ने कहा, “हम अकेले लड़ेंगे, किसी अन्य के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। लोग सुभासपा पर भरोसा दिखा रहे हैं और हमें इसका पूरा विश्वास है।”
बिहार में सुभासपा की तैयारी
ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां कर रही है। उन्होंने कहा, “बिहार के 38 में से 36 जिलों में हमारी स्थिति अच्छी है। हमने नवादा, कटिहार, सिवान, छपरा और मधेपुरा जैसे जिलों में रैलियां की हैं। 36 जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग आए, जिससे यह साफ है कि लोगों का भरोसा हमारी पार्टी के प्रति बढ़ रहा है।”
कितनी सीटों पर लड़ेगी सुभासपा?
बिहार में सुभासपा कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर राजभर ने कहा, “अभी बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा। लेकिन इतना तय है कि अगर एनडीए में सीटें नहीं मिलीं, तो हम किसी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।”
बिहार उपचुनाव का जिक्र
बिहार उपचुनाव का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा, “तरारी और रामगढ़ सीट पर हमने पर्चा भरवा दिया था। इससे बिहार बीजेपी और राष्ट्रीय नेतृत्व तक हलचल मच गई थी। बाद में यह मामला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि अगर आप चुनाव लड़ेंगे तो हम हार जाएंगे। हमने साफ कहा कि हमारा उद्देश्य हराना नहीं, बल्कि सम्मानजनक सीटें पाना है।”
ये भी पढें..
Greater Noida: जेवर में बनने वाली इंटरनेशनल फिल्म सिटी का मॉडल तैयार, 7 जोन में होगा विकास
दिल्ली और बिहार में मजबूती से उतरने की तैयारी
राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली और बिहार के विधानसभा चुनावों में मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि सुभासपा को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा।