Noida: नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रविवार रात का है, जब एक चोर कार से अस्पताल पहुंचकर नालियों पर रखी लोहे की जालियां चोरी करने की कोशिश कर रहा था। गश्त कर रहे सिक्योरिटी गार्ड ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
चोरी का मामला इस तरह आया सामने
जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड पंकज सिंह की ड्यूटी शाम 4 बजे से सुबह 4 बजे तक होती है। पंकज ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे गश्त के दौरान उन्होंने टीवी कक्ष के पास एक व्यक्ति को नालियों पर रखी लोहे की जालियां चोरी कर अपनी कार में रखते हुए देखा। उन्होंने तुरंत आरोपी को दौड़कर पकड़ा।
आरोपी की पहचान
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम पीयूष वर्मा (निवासी मकान नंबर 133, रेल विहार सेक्टर-33) बताया। गार्ड को आरोपी की कार में चार लोहे की जालियां मिलीं। इसके बाद पंकज ने अपने सीनियर राजेंद्र कुमार मिश्रा को मामले की जानकारी दी। राजेंद्र ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जो मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई।
पुलिस की कार्रवाई
सेक्टर-39 पुलिस थाने की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी की लोहे की जालियां और कार बरामद की है। पुलिस ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी इससे पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल हो सकता है।
ये भी पढें..
चोरों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
जिला अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने और चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस के साथ मिलकर कदम उठाने की बात कही है। स्थानीय लोग भी इन बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंतित हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

