Ghaziabad News: गाजियाबाद पुलिस ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कार रोककर बोनट पर केक काटने के आरोप में जूता कारोबारी को सलाखों के पीछे डाल दिया। जन्मदिन मनाने के लिए उसके साथ आई महिला मित्रों को गाजियाबाद कमिश्नरेट की महिला कर्मियों ने घर वापस पहुंचाया। जूता कारोबारी देर रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर अपनी महिला मित्रों के साथ जन्मदिन मनाने के लिए हापुड़ से पहुंचा था।
जन्मदिन मनाने के लिए हापुड़ से आया
एसीपी मसूरी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि डासना टोल से करीब 300 मीटर आगे दुहाई की ओर जूता कारोबारी वरुण अपनी कार रोककर कार के बोनट पर रखा केक काट रहा था, तभी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पकड़ लिया। वरुण हापुड़ के रेवती कुंज का रहने वाला है और उसी इलाके में उसकी जूतों की दुकान है। पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर कार रोककर दूसरों की जान खतरे में डालने के आरोप में वरुण को गिरफ्तार कर लिया और उसकी गाड़ी भी जब्त कर ली।
गलत दिशा में खड़ी की गई कार
आरोपी वरुण ने डासना टोल से दुहाई की ओर करीब 300 मीटर दूर अपनी कार गलत दिशा में खड़ी कर दी थी। रात में विपरीत दिशा में कार रोकने का मकसद सामने से आ रही गाड़ियों की हेडलाइट में जश्न मनाना था। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि वरुण ने न सिर्फ अपनी बल्कि अपनी महिला मित्रों की जान को भी खतरे में डाला और सामने से आ रही गाड़ियों के लिए भी खतरा पैदा किया।

