Ghaziabad: गाजियाबाद कमिश्नरेट के निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी के पास 17 दिसंबर को झाड़ियों में मिले लाल सूटकेस से एक छह वर्षीय मासूम का शव बरामद हुआ। बच्चे के बाएं हाथ में प्लास्टर चढ़ा हुआ था, जो पुलिस के लिए अहम सुराग बन सकता है। हालांकि, बच्चे की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है।
300 से अधिक एक्स-रे सेंटर्स पर छानबीन
पुलिस मासूम की फोटो लेकर एक्स-रे सेंटर्स पर लगातार जांच कर रही है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय के अनुसार, बच्चे के प्लास्टर से पहले उसका एक्स-रे जरूर हुआ होगा। इसी आधार पर पुलिस गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, शामली, बिजनौर और दिल्ली के एक्स-रे सेंटर्स व अनाथालयों में छानबीन कर रही है। इसके अलावा सूटकेस बनाने और बेचने वालों से भी पूछताछ की जा चुकी है, लेकिन पुलिस को अभी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।
आधा दर्जन से अधिक टीमें जांच में लगीं
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की आधा दर्जन से अधिक टीमें काम कर रही हैं। अब तक 300 से अधिक एक्स-रे सेंटर्स और कई ऑर्थोपेडिक डॉक्टरों से पूछताछ की जा चुकी है। लेकिन बच्चे की पहचान नहीं होने से जांच एक जगह ठहर गई है।
जुनैद की मां का हुआ डीएनए टेस्ट
करीब ढाई साल पहले मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके से लापता हुए जुनैद के परिजन पुलिस के संपर्क में आए थे। उन्होंने सूटकेस में मिले बच्चे की फोटो और वीडियो देखी, लेकिन पुष्टि हुई कि वह शव जुनैद का नहीं है। पुलिस ने फिर भी जुनैद की मां हिना का डीएनए टेस्ट करवाया, जिसका रिपोर्ट ने भी किसी संबंध की पुष्टि नहीं की।
सांस घुटने से हुई बच्चे की मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का कारण सांस घुटना बताया गया। यह साफ है कि बच्चे की हत्या करने के बाद उसे सूटकेस में बंद किया गया था।
ये भी पढें..
Noida:नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के कामकाज की सीएम योगी करेंगे समीक्षा
परिवार का ही हाथ होने का शक
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय के अनुसार, शिनाख्त न हो पाने का मुख्य कारण यह हो सकता है कि बच्चे की हत्या उसके किसी परिचित या परिवार के सदस्य ने की हो। आमतौर पर किसी अनजान बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होती, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। पुलिस का मानना है कि बच्चे की पहचान होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
थाना प्रभारी को किया गया लाइन हाजिर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र ने निवाड़ी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह भाटी को लाइन हाजिर कर दिया है।

