UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में 2025 की शुरुआत बड़े बदलावों के साथ होने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस साल 50 से ज्यादा आईपीएस अफसरों को प्रमोशन का तोहफा मिलने की संभावना है। इस संबंध में आज यानी 26 दिसंबर को लखनऊ में डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमिटी (DPC) की महत्वपूर्ण बैठक होगी।
बैठक के बाद, अगर अफसरों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) सही पाई जाती है, तो 8 आईपीएस अफसरों को एडीजी (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) से डीजी (पुलिस महानिदेशक) पद पर पदोन्नति दी जा सकती है। वहीं, 3 अफसरों को आईजी (पुलिस महानिरीक्षक) से एडीजी और 12 अफसरों को डीआईजी (उप पुलिस महानिरीक्षक) से आईजी पद पर पदोन्नति की संभावना है।
नोएडा के डीसीपी को भी मिली पदोन्नति
30 आईपीएस अफसरों को एसपी (पुलिस अधीक्षक) से डीआईजी पद पर पदोन्नति मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा, 2012 बैच के 15 अफसरों को सेलेक्शन ग्रेड भी दिया जा सकता है। इन पदोन्नतियों के साथ राज्य के कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों के पद पर भी बदलाव होगा। कुछ एसपी स्तर के अधिकारियों को जिलों का नया कप्तान बनाया जा सकता है।
पदोन्नति की सूची में प्रमुख नामों में मथुरा के एसएसपी शैलेंद्र पांडेय, झांसी की एसएसपी सुधा सिंह, मुजफ्फरनगर के एसएसपी अभिषेक सिंह, शाहजहांपुर के एसएसपी राजेश एस, प्रयागराज के अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, फतेहपुर के कप्तान आलोक प्रियदर्शी, गौतमबुद्ध नगर के डीसीपी राम बदन सिंह, वाराणसी के डीसीपी हृदेश कुमार और लखनऊ के डीसीपी तेज स्वरूप शामिल हैं।
लक्ष्मी सिंह और अन्य वरिष्ठ अफसरों को भी प्रमोशन मिलने की संभावना
गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर (आईजी) लक्ष्मी सिंह, लखनऊ रेंज के आईजी प्रशांत कुमार और एटीएस के आईजी नीलाभ्जा चौधरी को एडीजी पद पर प्रमोशन मिलने की संभावना है। इसके अलावा, 12 अन्य आईपीएस अधिकारियों को आईजी पद पर पदोन्नति दी जा सकती है। इन अफसरों में हथक, जोंगेंद्र कुमार, रविशंकर, विपिन कुमार मिश्रा, भारती सिंह, गीता सिंह और योगेश सिंह का नाम शामिल है।
ये भी पढें..
New Delhi: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार, देश भर में शोक की लहर
यूपी पुलिस सेवा के लिए नई शुरुआत
इन प्रमोशनों और पदस्थापनाओं के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में नए साल की शुरुआत बदलावों के साथ होगी। अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में मददगार साबित हो सकती हैं।

