Delhi-NCR Weather: दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार सुबह मौसम ने करवट ली। नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया। सुबह से हो रही बारिश ने जहां मौसम को सुहाना बना दिया, वहीं स्कूल और ऑफिस जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और पंजाब में बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से हुआ है।
बारिश का सिलसिला और कब तक रहेगा?
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के चलते बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है। गाजियाबाद और नोएडा के अलावा, लखनऊ और उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर से बारिश कम हो जाएगी और 30 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जाएगी।
ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इसके अलावा, आज शाम या रात को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश, गरज और तेज़ हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
AQI फिर से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 369 दर्ज किया गया, जो कि ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। नोएडा का AQI 277, गाजियाबाद का 267, गुरुग्राम का 291, और फरीदाबाद का 214 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
ये भी पढें..
AQI के विभिन्न स्तर:
- शून्य से 50: अच्छा
- 51 से 100: संतोषजनक
- 101 से 200: मध्यम
- 201 से 300: खराब
- 301 से 400: बहुत खराब
- 401 से 500: गंभीर
मौसम और प्रदूषण के इस मिश्रण ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने घर से निकलने वालों को पर्याप्त ऊनी कपड़े पहनने और वायु प्रदूषण से बचने के लिए मास्क लगाने की हिदायत दी है।

