Delhi-NCR Weather: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में तापमान में गिरावट और घने कोहरे के साथ ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासकर यूपी के 30 जिलों में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने जताई चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा, बर्फीली हवाएं तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट ला सकती हैं।
गुरुवार का दिन रहेगा शुष्क
आज यानी गुरुवार को पूरे यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। कोहरे के चलते यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इस संबंध में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।
27-28 दिसंबर को बारिश और ओले की संभावना
मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते एक बार फिर से मौसम में बदलाव होने की संभावना जताई है। इन दो दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
इन जिलों में घने कोहरे का असर
नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सहारनपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कुशीनगर, गोरखपुर और सिद्धार्थनगर समेत 30 जिलों में सुबह से घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकतानुसार ही यात्रा करने की सलाह दी है।
29 दिसंबर के बाद होगा सुधार
मौसम विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर के बाद मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा। हालांकि, घने कोहरे की समस्या बनी रह सकती है, जिससे ठंड में इजाफा होने की संभावना है।
ये भी पढें..
सावधानियां जरूरी
तेज ठंड और बारिश के मद्देनजर विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की अपील की है। आवश्यकतानुसार ही घर से बाहर निकलें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।

