Ghaziabad: भाजपा के अर्थला मंडल में किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल चौहान को एक गुमनाम पत्र के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। इस पत्र में उनसे 60 लाख रुपये की सुपारी मांगी गई है। धमकी भरे पत्र में लिखा गया है कि “बॉस को तेरी और तेरे बेटे की हत्या की सुपारी मिली है। बॉस ने कहा कि तुम्हें उड़ा दें। अगर जीना चाहता है, तो 24 घंटे के भीतर 60 लाख रुपये दे दे।”
कैसे मिला धमकी भरा पत्र?
अनिल चौहान, जो न्यू करहैड़ा कॉलोनी में पानी का कारोबार करते हैं, अपने दफ्तर में बैठे थे। तभी एक व्यक्ति, जिसके हाथ में थैला था, उनके पास आया और कहा कि इसमें मैडम का टिफिन है। कुछ देर में आकर ले जाएंगे। यह सुनकर अनिल चौहान को शक हुआ। उन्होंने उस व्यक्ति से थैला खोलने को कहा। थैले में एक डिब्बा था, जिसमें धमकी भरा पत्र रखा हुआ था।
अनिल चौहान ने तुरंत पुलिस को कॉल किया और पत्र लेकर पहुंचे उस व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पता चला कि वह व्यक्ति एक दिहाड़ी मजदूर है, जिसे लेबर चौक से काम के लिए हायर किया गया था। एक महिला ने उसे यह थैला अनिल चौहान के दफ्तर में छोड़ने के लिए दिया था। पुलिस अब उस महिला की तलाश में जुटी है।
सीसीटीवी से तलाश जारी
एसीपी साहिबाबाद, रजनीशन उपाध्याय ने बताया कि अनिल चौहान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि महिला की पहचान हो सके। हिरासत में लिए गए मजदूर ने बताया कि महिला ने उसे थैला पहुंचाने के लिए कुछ पैसे दिए थे।
परिवार में दहशत
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद अनिल चौहान और उनका परिवार दहशत में है। अनिल चौहान का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है और उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि यह धमकी किसने दी है। पत्र में लिखा था, “मरने वाला कभी लौटकर नहीं आता, मारने वाला जेल जाएगा तो लौटकर आ जाएगा। 24 घंटे का समय है, सोच लो।” इसके बाद अनिल चौहान और उनके बेटे का नाम लिखकर काट दिया गया।
ये भी पढें..
Ghaziabad: डासना में बिजली चोरी का मामला, रिश्वत मांगने पर जूनियर इंजीनियर सस्पेंड
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही आरोपी महिला को पकड़ने का दावा कर रही है। अनिल चौहान का कहना है कि वह और उनका परिवार पूरी तरह से सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है और उन्हें न्याय की उम्मीद है।

