Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दलित समुदाय के बच्चों के लिए एक अहम घोषणा की है। आप सरकार ने ‘अंबेडकर स्कॉलरशिप’ की शुरुआत की है, जिसमें वादा किया गया है कि दिल्ली का कोई भी दलित बच्चा अगर उच्च शिक्षा के लिए दुनिया के किसी भी कॉलेज में दाखिला लेता है तो उसका पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। इस घोषणा के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, “कोई भी दलित बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। अगर कोई बच्चा दुनिया के किसी भी शीर्ष विश्वविद्यालय में पढ़ना चाहता है, तो दिल्ली सरकार उसका सारा खर्च उठाएगी।”
‘बच्चे बाबासाहेब के बताए रास्ते पर चलेंगे’- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “जिस तरह बाबासाहेब ने आर्थिक तंगी के बावजूद शिक्षा हासिल की और दो पीएचडी की उपाधि हासिल की, उसी तरह अब हम एक स्वतंत्र भारत में रह रहे हैं। आज किसी भी दलित बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने में किसी भी तरह की बाधा का सामना नहीं करना चाहिए। अगर कोई बच्चा बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलना चाहता है, तो हम उनका समर्थन करेंगे।”
अमित शाह के बयान पर केजरीवाल की प्रतिक्रिया
कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, “तीन दिन पहले संसद में देश के गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया। उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर का मजाक उड़ाया। मैं खुद को बीआर अंबेडकर का भक्त मानता हूं और इस अपमान से मुझे बहुत दुख पहुंचा है। स्वतंत्र भारत की संसद में अगर कोई पार्टी या नेता अंबेडकर का अपमान करता है तो हम उसकी निंदा करते हैं।”
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “इस संदर्भ में हम बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान में एक बड़ी योजना की घोषणा कर रहे हैं। शिक्षा प्राप्त करने के लिए उन्होंने जो संघर्ष किया, वह हमारी कल्पना से परे है। 1915 में उन्होंने कोलंबिया से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। आज मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण कोई भी दलित बच्चा उच्च शिक्षा प्राप्त करने से पीछे न रह जाए।”

