UP News : योगी सरकार प्रदेश के 25 हजार युवाओं को बड़ा तोहफा देने की योजना बना रही है। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने विधान परिषद में बताया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर अब तीन प्रतिशत है, जो सबसे कम है। सरकार ने सरकारी और निजी क्षेत्रों में युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराया है। अभी तक 5600 कामगारों को इजरायल भेजा गया है, और जल्द ही 25 हजार कामगारों को इजरायल, जापान, जर्मनी, खाड़ी देशों व अन्य स्थानों पर नौकरी के लिए भेजा जाएगा।
मंत्री ने बताया कि योगी सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल में सात लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। प्रदेश और देश के साथ-साथ विदेशों में भी युवाओं को नौकरी दिलाई जा रही है। अब तक 9,220 रोजगार मेलों के जरिए 11 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दी गई है। इसके अलावा 22 हजार से अधिक करियर काउंसलिंग सत्रों के माध्यम से 23 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं।
सपा सरकार पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि सपा सरकार ने रोजगार पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में राज्य लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष न्यू आगरा थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसकी डिग्रियां फर्जी थीं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में पीसीएस के रिजल्ट में जाति विशेष के 56 लोगों के चयन पर सवाल खड़े होते हैं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी 38 लाख से अधिक हो गई है और सरकारी विभागों में 4.5 लाख पद खाली हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में 78 हजार, माध्यमिक शिक्षा में 48 हजार और राजस्व विभाग में 11 हजार पद रिक्त हैं। उन्होंने शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले और पीसीएस-जे में कापियां बदलने का आरोप लगाया। श्रम मंत्री ने कहा कि पर्चा लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं और शिक्षक भर्ती में आरक्षित वर्ग को तय सीमा से अधिक पद दिए गए हैं।

