Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। जिले में 13,920 अभ्यर्थियों के लिए केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए एनसीआरटीसी और यूपीएसआरटीसी ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा के लिए एनसीआरटीसी की “नमो भारत” ट्रेन इस रविवार सुबह छह बजे से संचालित होगी। साथ ही यूपीएसआरटीसी मुख्यालय ने अभ्यर्थियों की जरूरत के हिसाब से बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं।
रविवार को सुबह 6 बजे से संचालन शुरू
साहिबाबाद और मेरठ के बीच “नमो भारत” ट्रेन आमतौर पर रविवार को सुबह आठ बजे से संचालित होती है, लेकिन परीक्षा को देखते हुए एनसीआरटीसी प्रबंधन ने 22 दिसंबर को सुबह छह बजे से रैपिड रेल चलाने का निर्णय लिया है। यह जानकारी एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने दी। फिलहाल नमो भारत ट्रेन साहिबाबाद और मेरठ साउथ के बीच संचालित होती है। साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर (दिल्ली) के बीच ट्रायल रन किया जा रहा है।
हर स्टॉप पर रुकेंगी बसें
यूपी रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) शिव बालक ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार सभी रूटों पर बसें चलेंगी और बस चालकों को हर स्टॉप पर बस रोकने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार से ही कौशांबी, लोनी और गाजियाबाद डिपो से परीक्षा केंद्रों वाले शहरों के लिए बसें चलेंगी।
पूछताछ केंद्र 24 घंटे खुले रहेंगे
यूपीएसआरटीसी के पूछताछ केंद्र 24 घंटे खुले रहेंगे। इसके लिए आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टों की व्यवस्था की गई है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 18001802877 पर चौबीसों घंटे जानकारी ली जा सकेगी। यूपी रोडवेज की बसों की उपलब्धता जानने के लिए आनंद विहार बस टर्मिनल पर 011-22149089 पर चौबीसों घंटे कॉल करके भी पूछताछ की जा सकती है। एआरएम रोडवेज ने बताया कि पूछताछ केंद्रों पर कर्मचारियों को इस दौरान विनम्र व्यवहार और तत्परता बरतने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई कर्मचारी लापरवाही करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूपीएसआरटीसी के हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं:
केंद्रीय हेल्पलाइन नंबर: 18001802877
आनंद विहार: 011-22149089, 7290042649
कश्मीरी गेट: 011-23868709
गाजियाबाद: 0120-2791102
कौशांबी डिपो: 9711120699
साहिबाबाद डिपो: 0120-2896572
नोएडा: 0120-2507864
ग्रेटर नोएडा: 0120-3241134, 9870387661

