IND vs AUS 3rd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट रोमांचक दौर में पहुंच गया है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 252 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास अभी भी पहली पारी में 193 रनों की बढ़त है। फॉलोऑन का मुद्दा पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। कड़ी टक्कर के बाद टीम इंडिया 246 रनों का आंकड़ा पार करने और फॉलोऑन टालने में सफल रही।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और आकाशदीप फिलहाल क्रीज पर हैं और दोनों ने 39 रनों की साझेदारी की है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 4 विकेट पर 51 रन था। विराट कोहली, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल सस्ते में आउट हो चुके थे। चौथे दिन भारत ने 51 रनों से अपनी पारी आगे बढ़ाई, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा महज 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और ऋषभ पंत भी कोई खास योगदान नहीं दे पाए। हालांकि इसके बाद केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने पारी को संभाला। राहुल ने 84 रन बनाए, जबकि जडेजा ने 77 रनों का अहम योगदान दिया।
राहुल-जडेजा और बुमराह-आकाशदीप ने फॉलोऑन से बचाया
भारत ने 74 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, जिससे टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा था। इस नाजुक मोड़ पर राहुल और जडेजा के बीच 67 रनों की साझेदारी ने भारतीय टीम को मैच में वापसी करने में मदद की। राहुल के आउट होने के बाद जडेजा ने नितीश रेड्डी के साथ 53 रनों की साझेदारी की। इन दोनों साझेदारियों के बावजूद भारत के 213 रन पर 9 विकेट गिर गए थे और फॉलोऑन टालने के लिए उसे अभी भी 33 रनों की जरूरत थी।
इस समय 10वें और 11वें नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे जसप्रीत बुमराह और आकाशदीप ने गजब की परिपक्वता दिखाई। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक आकाशदीप 27 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि जसप्रीत बुमराह 10 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी 39 रनों की साझेदारी ने भारत को ब्रिसबेन टेस्ट में जिंदा रखा है। अगर फॉलोऑन टाला नहीं जाता तो ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लेती, जिससे भारत की जीत की संभावनाओं को काफी नुकसान पहुंच सकता था और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने की उनकी उम्मीदों को गहरा झटका लग सकता था।

