SMAT 2024 Final: मुंबई ने फाइनल में मध्य प्रदेश को 5 विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 का खिताब अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव, अजिंक्य रहाणे और सूर्यांश शेज ने शानदार प्रदर्शन किया। सूर्यांश ने 36 रनों की धमाकेदार पारी खेली। मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार ने नाबाद 81 रन बनाए, लेकिन उनका प्रयास बेकार गया।
मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई को 175 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में मुंबई ने 17.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सूर्यांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 15 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। अथर्व ने 6 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 16 रन का योगदान देते हुए टीम को खिताब दिलाया।
रहाणे का शानदार प्रदर्शन
मुंबई की ओर से ओपनिंग करते हुए पृथ्वी शॉ और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर आए। पृथ्वी कुछ खास योगदान नहीं दे पाए और 10 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि रहाणे ने 30 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 37 रनों की अहम पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने आउट होने से पहले 2 चौकों और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाए। शिवम दुबे आउट होने से पहले सिर्फ 9 रन ही बना पाए।
सूर्यकुमार यादव अर्धशतक से चूके
मुंबई की तरफ से चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार ने 35 गेंदों का सामना करते हुए 48 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दुर्भाग्य से वे अर्धशतक से चूक गए।
मध्य प्रदेश के लिए रजत पाटीदार की धमाकेदार पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। रजत पाटीदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 गेंदों पर 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 81 रन बनाकर नाबाद रहे। सुभ्रांशु सेनापति ने 17 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 23 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर ने एक चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाए, जबकि हरप्रीत सिंह ने 15 रन जोड़े।
मुंबई के लिए शार्दुल और तनुज की शानदार गेंदबाजी
फाइनल में मुंबई के लिए शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट लिए। रॉयस्टन डायस ने भी 3 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे और अथर्व ने एक-एक विकेट लिया।

