Delhi Weather Update: पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण दिल्लीवासी भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड से जूझ रहे हैं। रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड से राहत पाने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली में शीतलहर चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी आंशिक कोहरा रहने की संभावना है। दिन में मौसम साफ रहेगा। आज अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में ठंड और तेज हवाएं चल सकती हैं।
कल से दिल्लीवासियों को ठंड और सताएगी
मौसम विभाग के अनुसार, 16 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। अधिकतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
प्रदूषण से दिल्ली की हालत खराब
दूसरी ओर, पिछले दो दिनों से वायु प्रदूषण से थोड़ी राहत के बाद, रविवार को दिल्ली का AQI एक बार फिर 350 को पार कर गया। दिल्ली के कई इलाके आज प्रदूषण से प्रभावित रहे। राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI 300 से 400 के बीच है, जो “बहुत खराब” श्रेणी में आता है।
रविवार सुबह, एडमंड हिलेरी मार्ग और सिद्धार्थ एन्क्लेव में AQI 350, चिराग दिल्ली में 352, सरस्वती मार्ग पर 353, सैनिक फार्म और पश्चिम विहार में 351, रोहिणी में 352, पंजाबी बाग में 354, मॉडल टाउन में 344, जंगपुरा में 353 और जहांगीरपुरी में 351 दर्ज किया गया। इसी तरह, दिल्ली के ज़्यादातर इलाकों में AQI 300 से ऊपर है।
0 से 50 के बीच का AQI “अच्छा” माना जाता है, 51 से 100 के बीच “संतोषजनक”, 101 से 200 के बीच “मध्यम”, 201 से 300 के बीच “खराब”, 301 से 400 के बीच “बहुत खराब” और 401 से 500 के बीच “गंभीर” श्रेणी में रखा जाता है।