World Chess Championship 2024: भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने शतरंज की दुनिया में एक नया अध्याय लिखा है। सिंगापुर में आयोजित विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2024 में उन्होंने चीन के डिंग लिरेन को 7.5-6.5 के स्कोर से हराकर विश्व खिताब जीता। इस जीत के साथ ही 18 वर्षीय गुकेश विश्व शतरंज चैंपियन बनने वाले अब तक के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। विश्वनाथन आनंद के बाद यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाले वे दूसरे भारतीय हैं।
गुकेश को कितनी पुरस्कार राशि मिली?
इस जीत के बाद डी. गुकेश को मिलने वाली पुरस्कार राशि काफी चर्चा का विषय रही है। 18 साल की उम्र में गुकेश को इतनी राशि मिली है, जो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शीर्ष खिलाड़ियों की कमाई से भी अधिक है।
FIDE के नियमों के अनुसार, प्रत्येक मैच की जीत पर 200,000 डॉलर (लगभग ₹1.69 करोड़) का पुरस्कार मिलता है। गुकेश ने तीन मैच जीते, $600,000 (लगभग ₹5.09 करोड़) कमाए, जबकि डिंग लिरेन ने दो मैच जीते, $400,000 (लगभग ₹3.39 करोड़) कमाए।
करोड़ों में मिले पैसे
कुल पुरस्कार राशि $2.5 मिलियन (लगभग ₹21.2 करोड़) थी। इसमें से $1.5 मिलियन (लगभग ₹12 करोड़) दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर-बराबर बांटे गए, जिसमें से प्रत्येक को $750,000 (लगभग ₹6.36 करोड़) मिले। कुल मिलाकर, डी. गुकेश को $1,350,000 (लगभग ₹11.45 करोड़) मिले, जबकि डिंग लिरेन को $1,150,000 (लगभग ₹9.75 करोड़) मिले।

