Priyanka Gandhi: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार (13 दिसंबर 2024) को लोकसभा में संविधान पर बहस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) और नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रियंका गांधी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, “सारी जिम्मेदारी जवाहरलाल नेहरू पर डाल दी जाती है। आप वर्तमान की बात क्यों नहीं करते?”
“कृषि कानून ताकतवर लोगों के लिए बनाए गए”
प्रियंका गांधी ने सरकार पर कॉर्पोरेट घरानों का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए कहा, “कृषि कानून ताकतवर लोगों के लिए बनाए गए हैं। सभी एयरपोर्ट, सड़क, रेलवे के काम एक व्यक्ति को दिए जा रहे हैं। सरकार अडानी का पक्ष ले रही है। लोग मानते थे कि संविधान उनकी रक्षा करेगा, लेकिन अब उनका भरोसा खत्म हो गया है।”
“भारत का संविधान संघ का संविधान नहीं”
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि अगर लोकसभा चुनाव के नतीजे नहीं आते तो भाजपा संविधान को बदलने का प्रयास करती। उन्होंने कहा, “सच तो यह है कि भाजपा अब संविधान की बात इसलिए कर रही है क्योंकि लोकसभा चुनावों में उन्हें समझ आ गया है कि लोग संविधान की रक्षा कर रहे हैं। शायद वे यह नहीं समझ पाए हैं कि भारत का संविधान संघ का संविधान नहीं है।”
“स्वतंत्रता संग्राम सत्य और अहिंसा पर आधारित था”
प्रियंका गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम की विशिष्टता पर जोर देते हुए कहा कि यह सत्य और अहिंसा पर आधारित था। उन्होंने भाजपा पर जाति जनगणना को लेकर चुप रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
ये भी पढें..
Delhi: दिल्ली के छह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन और अभिभावकों में हड़कंप
उन्नाव बलात्कार पीड़िता का जिक्र
प्रियंका गांधी ने उन्नाव बलात्कार पीड़िता का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पिता चाहते थे कि उनकी बेटी को न्याय मिले। उन्होंने कहा, “मैंने भारत के लोगों के मन में उम्मीद और सपने देखे हैं। सरकार को जनता के भरोसे को टूटने नहीं देना चाहिए।”

