Greater Noida: दादरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक की गला घोंटकर और चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र में रह रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि सभी आरोपी मृतक के साथ उसी कमरे में रहते थे। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या का कारण काम का दबाव और व्यक्तिगत तनाव था।
नशा मुक्ति केंद्र में हुआ खौफनाक कांड
दादरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार के मुताबिक, समाधिपुर गांव स्थित नशा मुक्ति केंद्र में गुरुवार सुबह 27 वर्षीय अरविंद की हत्या की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहित रावल और लक्की भाटी को गिरफ्तार किया। उनकी पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों, शीलू और बिजेंद्र उर्फ लीला को भी गिरफ्तार किया गया।
चारों आरोपी मृतक के साथ रहते थे
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मृतक अरविंद नशा मुक्ति केंद्र में वार्डन के तौर पर काम करता था। वह 20 वर्षीय लक्की भाटी, 21 वर्षीय मोहित रावल, 32 वर्षीय शीलू और 32 वर्षीय बिजेंद्र के साथ एक ही कमरे में रहता था।
हत्या की वजह बनी काम का दबाव
थाना प्रभारी ने बताया कि अरविंद चारों आरोपियों पर काम करने का दबाव बना रहा था। इस वजह से सभी आरोपी मानसिक रूप से परेशान हो गए थे। लगातार दबाव झेलने के कारण उन्होंने अरविंद की हत्या का प्लान बनाया और वारदात को अंजाम दिया।
ये भी पढें..
Delhi: दिल्ली के छह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन और अभिभावकों में हड़कंप
आरोपियों को जेल भेजा गया
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में जेल भेज दिया है। इस मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि केंद्र में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाया जा सके।

