Greater Noida News: दादरी थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात एक हादसा हो गया। इस हादसे में दो वाहन आपस में टकरा गए। सड़क हादसे में करीब पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दादरी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। टक्कर फॉर्च्यूनर और किआ कार के बीच हुई।
कैसे हुआ हादसा?
किआ कार के चालक पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह हापुड़ से फरीदाबाद जा रहा था। रास्ते में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उसकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद अनियंत्रित कार पास में चल रही फॉर्च्यूनर से टकरा गई, जिसके बाद दोनों वाहन हाईवे से नीचे गिर गए। फॉर्च्यूनर में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। किआ कार में पवन कुमार के साथ उसकी मां, पत्नी, बहन और छोटे भाई की पत्नी भी थी। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कब हुआ हादसा?
दादरी थाना प्रभारी ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 7:00 बजे उनके क्षेत्राधिकार में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुई। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने यह भी बताया कि अगर इस मामले में कोई शिकायत दर्ज कराता है तो मामला दर्ज किया जाएगा।

