Delhi: राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह एक बार फिर से स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के जरिए दिल्ली पब्लिक स्कूल (आरके पुरम), जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल (पश्चिम विहार), मदर मैरी स्कूल, ब्रिटिश स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल और कैम्ब्रिज स्कूल सहित 40 से अधिक स्कूलों को मिली है। धमकी भरे ई-मेल के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छात्र-छात्राओं को घर भेज दिया और स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
धमकी से दहशत, पुलिस और दमकल विभाग सतर्क
ई-मेल के माध्यम से दी गई धमकी में दावा किया गया कि स्कूलों की इमारतों में छोटे और छिपे हुए बम लगाए गए हैं। धमकी देने वाले ने 30,000 डॉलर की मांग की है और रकम न मिलने पर विस्फोट करने की चेतावनी दी है। ई-मेल में लिखा गया कि बम ज्यादा नुकसान नहीं करेंगे, लेकिन विस्फोट से कई लोग घायल हो सकते हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां स्कूलों की इमारतों की जांच कर रही हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों के स्कूलों को ऐसी धमकियां मिली हैं। लगभग एक महीने पहले देश भर के कई सीआरपीएफ स्कूलों, जिनमें दिल्ली के दो और हैदराबाद का एक स्कूल शामिल था, को भी ई-मेल के माध्यम से धमकियां मिली थीं। हालांकि, जांच में वह धमकी झूठी साबित हुई थी। इससे पहले नवंबर में दिल्ली के वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल और प्रशांत विहार इलाके के स्कूलों को भी ऐसी धमकियां मिली थीं, जिसमें कम तीव्रता वाला विस्फोट भी हुआ था।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्राथमिकता
इस ताजा घटना के बाद स्कूल प्रशासन और दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया है और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं।
ये भी पढें..
UP News: योगी सरकार का बड़ा फैसला, NCR के श्रमिकों को मिलेगा हर महीने ₹1000 का पोषण भत्ता
जांच जारी, साइबर सेल सक्रिय
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही धमकी देने वाले को पकड़ लिया जाएगा।

