Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पैरामाउंट इमोशन्स सोसायटी में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। 14वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी से गिरकर एक 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय किशोर के पिता फ्लैट के दूसरे कमरे में वर्क फ्रॉम होम के दौरान काम कर रहे थे। अचानक तेज आवाज सुनकर उन्होंने जब बाहर आकर देखा तो उनका बेटा बालकनी में नहीं था। बालकनी से नीचे झांकने पर बेटे की लाश देखकर वह स्तब्ध रह गए।
कैसे हुआ हादसा
यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र की पैरामाउंट इमोशन्स सोसायटी में हुई। बिहार के रहने वाले परितोष वर्मा अपने परिवार के साथ सोसायटी के बी टावर के फ्लैट नंबर 1403 में रहते हैं। उनका फ्लैट टावर की 14वीं मंजिल पर स्थित है। परितोष वर्मा एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं और वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। शुक्रवार दोपहर उनका 14 वर्षीय बेटा प्रांशु फ्लैट में खेलते-खेलते बालकनी में चला गया। बालकनी की रेलिंग की ऊंचाई करीब चार फीट थी। खेलते समय अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण प्रांशु बालकनी से नीचे गिर गया।
घटना के बाद परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रांशु सातवीं कक्षा का छात्र था।
पोस्टमार्टम से इनकार
पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर परिवार को सौंप दिया गया। शुक्रवार देर शाम सेक्टर-94 स्थित श्मशान घाट पर प्रांशु का अंतिम संस्कार किया गया।
सोसायटी में छाया मातम
घटना के बाद सोसायटी में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों ने इसे बेहद दर्दनाक हादसा बताया।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दादरी में दो पक्षों के बीच विवाद, दनादन हुई गोलीबारी में एक घायल
दर्जनों बच्चों की हो चुकी है मौत
नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बालकनी से गिरकर बच्चों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। बीते वर्षों में इस तरह की दर्जनों घटनाएं हो चुकी हैं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अब कई सोसायटी में लोग बालकनी को लोहे की जाली से कवर करवा रहे हैं। पैरामाउंट इमोशन्स सोसायटी में भी कई फ्लैट्स में बालकनी को कवर किया गया है।

