Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के साइट-4 क्षेत्र स्थित एक सोफा निर्माण फैक्ट्री में मंगलवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में तीन कारीगरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले में मृतक के एक परिजन की शिकायत पर पुलिस ने फैक्ट्री मालिक तकी हसन के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
जीजा ने दर्ज कराई शिकायत
मामले में बुलंदशहर निवासी जमील ने थाना बीटा-2 में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक तकी हसन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। जमील ने बताया कि उसका साला गुलफाम अपने साथी दिलशाद और मजहर आलम के साथ इस फैक्ट्री में काम करता था।
जमील के अनुसार, 26 नवंबर की सुबह फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में आग से बचाव के उचित इंतजाम नहीं थे। आरोप लगाया गया है कि फैक्ट्री मालिक की अनदेखी के चलते ही यह भयावह हादसा हुआ।
तीन कारीगरों की जलकर मौत
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह सोफा बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हुई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तलाशी अभियान के दौरान तीन कारीगर मृत पाए गए।
मृतकों की पहचान गुलफाम (निवासी मथुरा), मजहर आलम (निवासी कटिहार, बिहार), और दिलशाद (निवासी बिहार) के रूप में हुई। बताया गया कि मृतकों को सोफा रिपेयर करने के लिए फैक्ट्री के एक कोने में जगह दी गई थी, जहां वे आग की चपेट में आ गए।
फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत के आधार पर फैक्ट्री मालिक तकी हसन के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि प्राथमिक जांच में सुरक्षा उपायों में लापरवाही के संकेत मिले हैं। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
ये भी पढें..
सुरक्षा नियमों की अनदेखी सवालों के घेरे में
इस हादसे ने फैक्ट्रियों में सुरक्षा उपायों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है।

