Greater Noida: मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। टाटा सफारी स्टॉर्म कार का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे माइलस्टोन 133 के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी रौनक सलूजा (पुत्र अरुण सलूजा) अपने दोस्त विकास के साथ नोएडा जा रहे थे। सफर के दौरान अचानक कार का टायर फट गया, जिससे कार ने नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
व्यापारी थे मृतक
रौनक सलूजा आगरा में स्पोर्ट्स गुड्स के व्यापारी थे। वह अपने दोस्त विकास के साथ दिल्ली सामान खरीदने के लिए निकले थे। लेकिन इस भीषण हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
पुलिस ने दी जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन मौके पर पहुंचे और शवों को आगरा ले गए, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ये भी पढें..
Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, स्कूल खोलने पर कल तक फैसला
दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी
यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और तकनीकी खराबियों के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह घटना भी इसी कड़ी का हिस्सा है, जिसने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है।

