Delhi-NCR: दिल्ली और एनसीआर के लोग प्रदूषण की गंभीर समस्या से लगातार जूझ रहे हैं। मंगलवार को भी राजधानी में हवा की गुणवत्ता में सुधार के कोई संकेत नहीं दिखे। सुबह के समय धुंध की एक पतली परत ने दिल्ली को ढक लिया, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
स्मॉग ने दिल्ली को किया परेशान
सोमवार को भी राजधानी स्मॉग की चादर में लिपटी रही, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ी। खासकर आनंद विहार और शादीपुर जैसे इलाकों में हालात और भी ज्यादा खराब रहे। सोमवार सुबह दिल्ली का AQI 285 था, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, स्मॉग और घना हो गया।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी में मिक्सिंग डेप्थ 1950 मीटर और वेंटिलेशन इंडेक्स 12,500 घनमीटर प्रति सेकंड रहा। इसका सीधा मतलब है कि हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व बिखर नहीं पाए, जिससे प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो गई।
एनसीआर के शहरों का हाल
मंगलवार सुबह दिल्ली और एनसीआर के प्रमुख शहरों में वायु गुणवत्ता का हाल कुछ इस प्रकार रहा:
- दिल्ली: 400 (बेहद खराब)
- नोएडा: 332 (बहुत खराब)
- ग्रेटर नोएडा: 262 (खराब)
- गाजियाबाद: 312 (बहुत खराब)
- गुरुग्राम: 310 (बहुत खराब)
- फरीदाबाद: 293 (खराब)
हवाओं की गति और पूर्वानुमान
सीपीसीबी के मुताबिक, मंगलवार को भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी रहने की संभावना है। रात के समय स्मॉग की चादर दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में छाई रह सकती है। सोमवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से 7-12 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल रही थीं, जिसने स्मॉग को फैलने में मदद की। मंगलवार को हवाओं की गति करीब 8 किमी प्रति घंटे रहने का अनुमान है।
ये भी पढें..
Greater Noida: कोहरे में हादसे रोकने को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट घटेगी
सुधार की उम्मीद कम
विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना बेहद कम है। हालांकि बुधवार को हवाओं की दिशा बदलने का अनुमान है, जिससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है।

