Greater Noida: दिसंबर से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एमपी-2 स्थित एलिवेटेड रोड पर वाहनों की स्पीड लिमिट कम कर दी जाएगी। यह व्यवस्था फरवरी के मध्य तक जारी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने कोहरे के कारण बढ़ने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे करीब 24 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 20 किलोमीटर का हिस्सा नोएडा क्षेत्र में आता है। यहां बीते वर्षों में कई बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह से कोहरा पड़ने की संभावना है। इस वजह से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने गति सीमा घटाने का फैसला किया है।
गति सीमा में बदलाव
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे:
- हल्के वाहन (चार पहिया) की गति सीमा 100 से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा।
- भारी वाहनों के लिए गति सीमा 80 से घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा।
- एमपी-2 एलिवेटेड रोड:
- हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 50 किलोमीटर प्रति घंटा।
- भारी वाहनों के लिए गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा।
- अन्य मुख्य सड़कों पर:
- मास्टर प्लान रोड नंबर 1 (डीएनडी टोल प्लाजा से सेक्टर-57 चौराहा),
- मास्टर प्लान रोड नंबर 2 (सेक्टर-18 से सेक्टर-60 अंडरपास),
- मास्टर प्लान रोड नंबर 3 (कालिंदी कुंज से सेक्टर-122),
- रोड नंबर 6 (सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-71 अंडरपास),
- डीएससी रोड (दादरी-सूरजपुर-छलेरा)।
सावधानी और जागरूकता के लिए कदम
नोएडा प्राधिकरण द्वारा एक्सप्रेसवे और अन्य सड़कों पर स्पीड लिमिट और कोहरे से बचाव से संबंधित जानकारी देने के लिए संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। दुर्घटनाओं से बचने के लिए ब्लिंकर और रिफ्लेक्टर भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही, वाहन चालकों को कोहरे में धीमी रफ्तार से वाहन चलाने और सावधानी बरतने की अपील की जाएगी।
ये भी पढें..
Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, स्कूल खोलने पर कल तक फैसला
पुलिस का संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहन चालकों को स्पीड लिमिट का पालन करना अनिवार्य होगा। जो वाहन चालक इस नियम का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

