Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक खुलेआम सड़क पर पिस्टल लहराते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि स्थानीय निवासियों में भय का माहौल भी पैदा कर रहा है।
क्या है पूरा मामला?
17 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि लगभग 10-12 लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा है। विवाद के दौरान एक युवक पिस्टल लहराते हुए नजर आता है। इतना ही नहीं, वह एक व्यक्ति को धक्का भी देता है। यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक सार्वजनिक स्थान की बताई जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने क्या कहा?
घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह वीडियो पुराना है और इस मामले में थाना बिसरख में पहले ही मामला दर्ज हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
ये भी पढें..
Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ट्रायल रन की तैयारियां तेज, 30 नवंबर को पहली उड़ान का प्रस्ताव
जनता से पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि वे इस तरह की किसी भी घटना का सामना करें, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और सही जानकारी साझा करने की भी सलाह दी गई है।

