UP News: गूगल मैप का सहारा लेकर सफर करना बरेली के तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। रविवार सुबह करीब नौ बजे, फरीदपुर के खल्लपुर गांव के पास रामगंगा नदी पर एक अधूरे ओवर ब्रिज से कार नीचे गिर गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
कोहरे और अधूरे पुल ने ली जान
दातागंज से खल्लपुर होते हुए फरीदपुर जा रही कार कोहरे के कारण अधूरे पुल का अंदाजा नहीं लगा पाई और नदी में जा गिरी। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में गिरी कार देखी और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कार में सवार तीनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के सिक्योरिटी गार्ड थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान कौशल कुमार (मैनपुरी), विवेक कुमार (फर्रुखाबाद), और अमित (फर्रुखाबाद) के रूप में हुई है। तीनों गाजियाबाद में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे और शादी समारोह में शामिल होकर गाजियाबाद लौट रहे थे। जल्दी पहुंचने के लिए उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया था।
आठ साल से अधूरा पड़ा पुल बना मौत का कारण
रामगंगा नदी पर खल्लपुर के पास पुल का निर्माण 2016 में सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था और इसे 2018 तक पूरा करने का लक्ष्य था। लेकिन 2017 में सरकार बदलने के बाद निर्माण कार्य रुक गया। आठ साल बीतने के बावजूद पुल अधूरा पड़ा है। पुल पर चेतावनी संकेतक और अवरोधक न होने के कारण यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुल के अधूरे हिस्से को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मृतकों के परिजनों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है और इसे सीधी-सीधी सरकारी तंत्र की लापरवाही करार दिया है।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में किसानों का बड़ा महाआंदोलन आज, भारी पुलिस बल तैनात
सरकार से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और मृतकों के परिवारों ने मांग की है कि पुल का निर्माण जल्द पूरा किया जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही, ऐसे अधूरे प्रोजेक्ट्स पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

