Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। इस दुर्घटना में जगद्गुरु कृपालु महाराज की बड़ी बेटी डॉ. विशाखा त्रिपाठी का दुखद निधन हो गया। वहीं, उनकी दो बहनें डॉ. कृष्णा त्रिपाठी और डॉ. श्यामा त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। यह हादसा दनकौर थाना क्षेत्र में हुआ।
कैसे हुई दुर्घटना?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों बहनें सिंगापुर जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट की ओर जा रही थीं। यमुना एक्सप्रेसवे पर दनकौर क्षेत्र के 8 किलोमीटर बोर्ड के पास एक कैंटर ने उनकी इनोवा हाय क्रॉस और टोयोटा कैमरी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुल आठ लोग घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, डॉ. कृष्णा त्रिपाठी और डॉ. श्यामा त्रिपाठी की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।
डॉ. विशाखा त्रिपाठी का निधन
डॉ. विशाखा त्रिपाठी, जो कि 65 वर्ष की थीं, भक्ति धाम की अध्यक्ष थीं। उनका योगदान भक्ति धाम और जगद्गुरु कृपालु परिषद के कार्यों में हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन की खबर से पूरे परिवार और अनुयायियों में शोक की लहर है।
जगद्गुरु कृपालु परिषद की प्रतिक्रिया
जगद्गुरु कृपालु परिषद ने एक शोक संदेश जारी करते हुए कहा,
“अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि भक्ति धाम की अध्यक्ष डॉ. विशाखा त्रिपाठी का दुर्भाग्यपूर्ण निधन हो गया है। उनके जाने से भक्ति मार्ग को अपूर्णीय क्षति हुई है।”
डॉ. विशाखा त्रिपाठी का अंतिम संस्कार वृंदावन में किया जाएगा।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, ड्यूटी से लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत
पुलिस जांच और कार्रवाई
स्थानीय पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कैंटर चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।