Noida: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो विस्तार परियोजना को मंजूरी दी गई। इसके तहत 17.435 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो रूट बनाया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 788 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
394 करोड़ रुपये की मिली मंजूरी
नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो के विस्तार के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा समान रूप से 394-394 करोड़ रुपये का योगदान दिया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार की हिस्सेदारी में 40% धनराशि नोएडा प्राधिकरण और 60% धनराशि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा।
कैबिनेट का अहम फैसला
कैबिनेट बैठक में नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो सेवा के विस्तार को स्वीकृति दी गई। इस रूट पर यातायात को सुगम बनाने के लिए एक्वा लाइन को नोएडा सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 तक विस्तारित किया जाएगा। यह परियोजना लंबे समय से लंबित थी, और अब अगले छह महीनों में इसका निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
11 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे
इस परियोजना के तहत नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच कुल 11 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे:
- नोएडा सेक्टर 51
- नोएडा सेक्टर 61
- नोएडा सेक्टर 70
- नोएडा सेक्टर 122
- नोएडा सेक्टर 123
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4
- इको टेक-12
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर 2
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर 3
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर 10
- ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क-5
यातायात दबाव में आएगी कमी
नोएडा सेक्टर-61 से डीएमआरसी की ब्लू लाइन और एक्वा लाइन के जुड़ने से दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के यात्रियों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही डीएनडी फ्लाईओवर और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
ये भी पढें..
Noida News: नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, अब फेस ऐप के जरिए कर्मचारियों की लगेगी हाजिरी
निवासियों का वर्षों का इंतजार होगा खत्म
नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों ने लंबे समय तक इस मेट्रो रूट के निर्माण का इंतजार किया है। अब इस परियोजना के शुरू होने से न केवल उनकी यात्रा आसान होगी, बल्कि क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा।

