Noida News: नोएडा प्राधिकरण में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सीईओ डॉ. लोकेश एम ने एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी कर सभी उद्यानिक कर्मचारियों की उपस्थिति को फेस ऐप के जरिए दर्ज करना अनिवार्य कर दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों की उपस्थिति पारदर्शी और डिजिटल तरीके से दर्ज की जाएगी।
बिलों से कटौती
डॉ. लोकेश एम ने बताया कि फेस ऐप के इस्तेमाल से कर्मचारियों की उपस्थिति की सटीक निगरानी हो सकेगी। कर्मचारियों में अनुशासन बढ़ाने और काम की गुणवत्ता सुधारने के लिए यह कदम उठाया गया है। डिजिटल उपस्थिति प्रणाली से फर्जी उपस्थिति पर भी रोक लगेगी। सीईओ ने चेतावनी दी कि अनुपस्थित रहने की स्थिति में संबंधित ठेकेदारों के बिलों से कटौती की जाएगी।
विशेष टीम का होगा गठन
यह नई व्यवस्था नोएडा प्राधिकरण द्वारा डिजिटल इंडिया की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इससे न सिर्फ प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी बल्कि पार्कों और ग्रीन बेल्ट की हरियाली को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। प्राधिकरण के मुताबिक जल्द ही इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा और इसके कामकाज की निगरानी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा।

