Ghaziabad: गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मूल रूप से बिहार के रहने वाले 27 वर्षीय महेश महतो की उसके ही मित्र रूपेश महतो ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के समय महेश महतो अपने कुछ साथियों के साथ बढ़ती ठंड से बचने के लिए हाथ ताप रहा था। इसी दौरान महेश और रूपेश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रूपेश ने अपनी जेब में रखे चाकू से महेश पर जानलेवा हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने महेश को तुरंत गाजियाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के भाई रमेश महतो ने नंदग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी रूपेश को हनुमान चौक से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महेश से अपनी मजदूरी के पैसे मांगने गया था, लेकिन महेश ने घर के पास बातचीत करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान रूपेश ने गुस्से में आकर हमला कर दिया।
ये भी पढें..
UP News: संभल मस्जिद मामले में मायावती की प्रतिक्रिया, सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी लिच्छवी एक्सप्रेस से बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

