Ghaziabad: प्रदूषण को कम करने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के उद्देश्य से दिलशाद गार्डन से छपरौला रूट पर जल्द ही ई-बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इस रूट का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह रूट दिल्ली, गाजियाबाद और दादरी को जोड़ते हुए जीटी रोड पर संचालित होगा। इस रूट पर रोजाना हजारों यात्रियों के सफर करने की संभावना है, जिससे ई-बस सेवा को बेहतर रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
शुरुआत में पांच ई-बसें होंगी शामिल
डिपो प्रभारी ज्योति सक्सेना ने बताया कि दिलशाद गार्डन से छपरौला रूट का निरीक्षण किया गया है। शुरुआती चरण में इस रूट पर पांच ई-बसों को चलाने की योजना बनाई गई है। जल्द ही कार्य योजना को अंतिम रूप देकर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में कौशांबी से गोविंदपुरम, मोदीनगर और दादरी के लिए ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा, दिलशाद गार्डन से मसूरी और पुराना बस अड्डा से लोनी रूट पर कुल 48 ई-बसें पहले से ही यात्रियों को सेवा दे रही हैं।
ये भी पढें..
ई-कार्ड से किराए में छूट का लाभ
नए रूट पर दैनिक यात्रियों की संख्या अधिक होने की संभावना है। ई-कार्ड का इस्तेमाल करके यात्री किराए में 10 प्रतिशत तक की बचत कर सकते हैं। ई-कार्ड का लाभ पूरे उत्तर प्रदेश में संचालित ई-बसों में लिया जा सकता है। यह सुविधा बार-बार टिकट खरीदने के झंझट को भी खत्म करती है।

