Noida: नोएडा फेस-2 थाना पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार तड़के मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चेकिंग के दौरान फायरिंग
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि फेस-2 थाना पुलिस शुक्रवार तड़के सीएनजी पंप के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। बदमाश रुकने के बजाय भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया।
भागने के दौरान बदमाशों ने सर्विस रोड से फेस-2 की तरफ जाने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
चोरी के थे मास्टरमाइंड
डीसीपी ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान सुमित पुत्र प्रमोद सिंह, निवासी अंगरैया जैथरा, जिला एटा के रूप में हुई है। वहीं, उसके दूसरे साथी विनोद पुत्र अमर, निवासी महमुदपुर, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़ को काबिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की पैशन मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बदमाश नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
ये भी पढें..
Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस ने पकड़े दो शातिर ठग, एक खुद को बताता था रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी
घायल का इलाज जारी
घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि दोनों बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

