Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में जेवर से सटे टप्पल इलाके के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ट्रक और डबल डेकर वॉल्वो बस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिसमें तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। उन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आजमगढ़ जा रही थी बस
इंस्पेक्टर टप्पल शिशुपाल शर्मा ने बताया कि हादसा बुधवार देर रात करीब एक बजे टप्पल इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर प्वाइंट नंबर 56 पर हुआ। डबल डेकर बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी, जबकि ट्रक दिल्ली से आगरा जा रहा था। इसी दौरान बस और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का कंडक्टर वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर पेट्रोलिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निकालने में मदद की। घटना के कारण लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस देर रात तक जुटी रही।
जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती
इंस्पेक्टर शर्मा ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनकी पहचान के प्रयास जारी हैं। घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ को अलीगढ़ के अस्पतालों में भेजा गया है। हादसे के कारण काफी जाम लग गया, जिसे सामान्य यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों को निकालना बेहद मुश्किल था, और यात्रियों की नींद के बीच अचानक हुए हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
दिल दहला देने वाला दृश्य
बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला। सड़क पर घायल बच्चे और महिलाएं पड़ी हुई थीं, जो दिल दहला देने वाला दृश्य था। मृतकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत थे। पुलिस देर रात तक मृतकों की पहचान करने में जुटी रही। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस के अनुसार ओवरटेक करने के प्रयास में यह हादसा हुआ।

