Noida: नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। चिल्ला रेड लाइट के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों का कहना है कि वह शनि मंदिर के दर्शन कर घर लौट रहे थे।
घटना का पूरा विवरण
घटना के संबंध में पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, मृतक बिरेंद्र अवाना सेक्टर 50 स्थित डी-104 में अपने परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे वह स्कूटी लेकर सेक्टर 14ए शनि मंदिर दर्शन करने गए थे। मंदिर से लौटते समय चिल्ला रेड लाइट पर सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में उनकी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को घटना की सूचना मृतक के भतीजे तरुण अवाना ने दी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कह रही है।
ये भी पढें..
परिजनों में शोक
बिरेंद्र अवाना की अचानक मौत से उनके परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी चालक को जल्द पकड़ने और कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

